जब तुम्हारी मांग में सिंदूर का टीका लगे
पांव में बिछिया ओ मेहंदी हाथ मे कंगन सजे
जब समूचा घर दिवाली इत्र महकाने लगे
पूर्णिमा तुझपे अमावस मुझपे इतराने लगे
संग सखियां मिल विदाई गीत जब गाने लगे
एक पहचानी सी हिचकी जब तुम्हें आने लगे
पावनी मंगल कलश पर अश्रु मत धरना प्रिये
तब मुझे तुम भूल कर भी याद मत करना प्रिये
तेल हल्दी चढ़ के तेरा रूप निखरेगा कभी
मुझसे वेणी में लगा इक फूल बिखरेगा तभी
देह के तटबंध सारे जब खुलेंगे सेज पर
एक मंगलसूत्र के संग रंग घुलेंगे सेज पर
वो सुहागिन चांदनी मुझको बड़ा तड़पायेगी
इक चकोरी चंद्रमा को देख कर इठलाएगी
नव वधु बन कर तू वर की भावना वरना प्रिये
तब मुझे तुम भूल कर भी याद मत करना प्रिये
मेरी कोई भी निशानी छोड़ मत देना प्रिये
सूत्र अग्नि से बंधे हैं तोड़ मत देना प्रिये
सात जन्मों के है रिश्ते यूँ कहीं छुटे नही
प्रणय की वैदि के बंधन बीच मे रूठे नही
कुछ अमंगल दिन भी आये तो उन्हें सहना प्रिये
जो मिला है भाग्य से उस अंक में रहना प्रिये
कृष्ण को आराधना बस और ना डरना प्रिये
तब मुझे तुम भूल कर भी याद मत करना प्रिये

पिता: गोवर्धन सिंह राव
माता :राजकुमारी राव
जन्मस्थान : झीलों की नगरी उदयपुर (राजस्थान)
उपलब्धियां:
पुस्तकें:
1.आधी कटोरी चाँदनी 2.चुनावी गोरखधंधा
3.जिस नदी का समंदर नही
4.आखर पुल
5.गुरू महिमा
विदेश यात्राएं
1.दुबई
2.मॉरीशस
3.अबु धाबी
4.नेपाल
5.श्रीलंका
6.इंडोनेशिया
7.इथोपिया,एडिस अबाबा (अफ्रीका)
8.केन्या,नैरोबी (अफ्रीका)
सम्मान
1.युवा कवि सम्मान भारत सरकार द्वारा 2004
2.काव्यरत्न सम्मान इंदौर
3.सफल सञ्चालक सम्मान भारत विकास परिषद उदयपुर
4.काव्य शिरोमणि सम्मान फिरोजपुर केंट पंजाब
5.हास्य शिरोमणि सम्मान चैन्नई
6.लगभग 1500 सम्मान की एक लंबी श्रृंखला है जो पिछले 25 वर्षों के काव्य सेवा के दौरान मंचो से प्राप्त हुए।
विशेष
1. राष्ट्रपति भवन में कवितापाठ
2. भारत सरकार द्वारा अंडमान निकोबार जाना तथा सेल्युलर जेल में पर्यटकों के मध्य काव्यपाठ
3. देश के सभी चैनल्स पर नियमित काव्य प्रसारण
4. हिंदी फिल्म तीर्थ तथा नई दिशा में गीत लेखन
5. हिंदी कवि सम्मेलनों के सेलिब्रिटी कवियों में शुमार जिन्हें सुनने हजारों की भीड़ जमा हो जाती है।
6. देश के सबसे बड़े चैनल जी न्यूज पर अनगिनत बार कवियुद्ध का सन्चालन।
7. इंडिया टीवी आजतक एबीपी न्यूज सहित देश के सभी लोकप्रिय चैनल्स पर ससम्मान आमंत्रित।
8. वर्तमान में भारत सरकार की हिंदी राजभाषा समिति के सदस्य